नैनीताल घूमने निकले नवविवाहित जोड़े की कार डंपर से भिड़ी, नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत
चार महीने पहले हुई थी यतीश यादव और शीतल की शादी, हादसे में पत्नी गंभीर रूप से घायल; दिल्ली-एनसीआर रेफर
रामनगर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सड़क हादसे ने एक नवविवाहित जोड़े की खुशियों को मातम में बदल दिया। रामनगर के पास पीरूमदारा क्षेत्र में डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव (24) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों की शादी महज चार महीने पहले हुई थी और शादी के बाद वे पहली बार नैनीताल घूमने आए थे।
रात करीब 1:20 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा एक और दो अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 1:20 बजे पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास हुआ। गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई स्कॉर्पियो से काशीपुर की ओर से रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर (HR38AC 4554) से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो चला रहे यतीश की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दिल्ली-एनसीआर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।


राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे यतीश
यतीश यादव पुत्र सुरेश चंद्र यादव मूल रूप से गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के शाहपुर बमेठा गांव के निवासी थे। वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में उन्होंने एक प्रतियोगिता में विजेता बनने की उपलब्धि हासिल की थी। वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाते थे, जबकि उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। यहां यतीश के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था।

डंपर चालक पर लापरवाही का आरोप
यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आ गया, जिससे उनके बेटे की कार की टक्कर हो गई। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। चार महीने पहले विवाह के बंधन में बंधे यतीश और शीतल नैनीताल घूमने निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में यतीश की मौत और उनकी पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

