उत्तराखण्डचमोलीनवीनतमहादसा

नीती घाटी आपदा: 12 दिन बाद बरामद हुआ लापता BRO जवान पंकज सिंह का शव

ख़बर शेयर करें -

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी में 10 अगस्त को आई भीषण आपदा के दौरान लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान पंकज सिंह का शव 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया है। शुक्रवार को धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के पास शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में मातम छा गया। जवान की मौत की खबर से क्षेत्र और BRO में भी शोक की लहर है।

आपदा के बाद से ही पंकज सिंह की तलाश में सेना, BRO और अन्य बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, नदी का तेज बहाव और जगह-जगह जमा मलबा अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ था। शुक्रवार को भलागांव के समीप धौलीगंगा नदी किनारे एक शव दिखाई देने पर बचाव दल को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची BRO और पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की, जिसके बाद शव की पहचान लापता BRO जवान पंकज सिंह के रूप में हुई।

Ad Ad

पंकज सिंह की तलाश के लिए गढ़वाल स्काउट आर्मी की टीम के साथ 20 एडी यूनिट के जवानों को भी लगाया गया था। प्रशिक्षित आर्मी डॉग की मदद से नदी और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। करीब 12 दिनों तक चले अभियान के बाद जवान का शव बरामद होने से उनकी तलाश समाप्त हुई।

अतिवृष्टि के बाद मचा था भारी तबाही

10 अगस्त को तमक क्षेत्र में अतिवृष्टि के बाद नाले में अचानक भारी मात्रा में पानी और मलबा आ गया था। इससे पुल और सड़क को नुकसान पहुंचा तथा क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हुई। तेज बहाव के कारण आसपास के इलाकों में भी स्थिति गंभीर हो गई थी। तहसीलदार ज्योतिर्मठ की रिपोर्ट के अनुसार, तमक नाले के उफान में राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर तीन वाहन प्रभावित हुए थे। इनमें BRO की 123 इकाई के दो वाहन भी शामिल थे। इसके अलावा एक पिकअप और लोडर वाहन भी नाले के तेज बहाव में बह गया था।

जिलाधिकारी ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

घटना की गंभीरता को देखते हुए चमोली जिलाधिकारी ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन की ओर से आपदा के कारणों, नुकसान और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पंकज सिंह का शव बरामद होने के बाद 12 दिनों से जारी खोज अभियान तो समाप्त हो गया, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक होने वाली अतिवृष्टि, तेज बहाव और मलबे से उत्पन्न खतरे को उजागर किया है। जवान की मौत से सुरक्षा बलों और उनके साथियों में शोक का माहौल है।