सड़क पर फैली रेता-बजरी बनी जानलेवा, बाइक फिसलने से युवा होटल कारोबारी की दर्दनाक मौत
ललित महरा की असमय मौत से परिवार और परिचितों में गहरा शोक है, बताया गया कि उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है
रामनगर/नैनीताल। सड़क निर्माण कार्य के दौरान बरती गई कथित लापरवाही एक युवा होटल कारोबारी के लिए जानलेवा साबित हुई। कानिया क्षेत्र में सड़क पर फैली रेता-बजरी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ललित महरा (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कोटाबाग क्षेत्र का निवासी थे और वर्तमान में रामनगर के कानिया क्षेत्र में रह रहे थे। ललित पर्यटन व्यवसाय से जुड़े हुए थे और ग्राम सेमलखलिया में 18 कमरों का एक होटल संचालित करते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच वह अपने होटल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कानिया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे डाली गई रेता-बजरी की वजह से ललित की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि ललित महरा को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उठाकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ललित महरा की असमय मौत से परिवार और परिचितों में गहरा शोक है। बताया गया कि उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में इस हादसे ने परिवार को एक और गहरा आघात पहुंचाया है। होटल व्यवसाय से जुड़े होने के कारण क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पहचान थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस शव का पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर रही है, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का भी परीक्षण किया जा रहा है। सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को लेकर भी जांच के दौरान संबंधित तथ्यों को शामिल किया जाएगा।

