चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : जल संस्थान डिप्लोमा इंजीनियर संघ के निर्विरोध चुनाव संपन्न, पवन बिष्ट बने अध्यक्ष

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ (जल संस्थान) के द्विवार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध संपन्न हो गए। निर्वाचन के बाद आयोजित पहली बैठक में विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने और पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

चुनाव प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बहादुर सिंह एवं मंडलीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमानंद पुनेठा की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध संपन्न हुए। निर्वाचन में पवन बिष्ट को अध्यक्ष, चंद्रशेखर पंत को उपाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह रौतेला को महासचिव, विपिन विश्वकर्मा को कोषाध्यक्ष तथा साक्षी आले को मीडिया प्रभारी निर्विरोध चुना गया। वहीं प्रशांत वर्मा को केंद्रीय संरक्षक मनोनीत किया गया।

Ad Ad

निर्वाचन के उपरांत अध्यक्ष पवन बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित पहली बैठक में विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने को लेकर कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में श्रमिक आपूर्ति करने वाले ठेकेदारों से अनुबंध के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने के लिए सुपरवाइजर की नियुक्ति की मांग की गई। साथ ही अधिशासी अभियंता के माध्यम से प्रत्येक माह विभागीय अभियंताओं और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा हो सके और समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।

इसके अलावा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक डिवीजन में एक अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक इलेक्ट्रिशियन की नियुक्ति का भी प्रस्ताव रखा गया, जिससे विभागीय पंपों में आने वाली तकनीकी खराबियों का तत्काल समाधान कर पेयजल आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखा जा सके।

बैठक में अभियंताओं ने सभी विकासखंडों में विभागीय स्पेयर सामग्री समय पर उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि पेयजल योजनाओं की मरम्मत में देरी न हो और योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से जारी रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सभी अभियंताओं ने निर्विरोध निर्वाचन के लिए संगठन के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।