अल्मोड़ाक्राइमनवीनतम

अग्निवीर की तैयारी कर रहे युवक की हत्या से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत के ऐना गांव में युवक की गला रेतकर हत्या, बचाव में आई दो महिलाएं भी घायल

रानीखेत (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के दूरस्थ ऐना गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बुआ के घर आए एक 20 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं दो महिलाओं पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, सागर (20) पुत्र चंदन, मूल निवासी सिमोली गांव, पढ़ाई के साथ-साथ सेना की अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह कुछ दिनों के लिए अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया हुआ था।

शुक्रवार देर शाम कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और सागर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। शोर सुनकर जब घर की महिलाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में सागर की बुआ और परिवार की एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस जघन्य हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।