चम्पावत में हरेला पर्व की तैयारियां तेज, जनपद में आयोजित होगा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम
चम्पावत। आगामी हरेला पर्व के पावन अवसर पर जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों के संचालन के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपप्रभागीय वनाधिकारी नेहा चौधरी द्वारा अवगत कराया गया कि आगामी 16 जुलाई को हरेला पर्व के विशेष दिन पूरे प्रदेश भर में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, तथा जनपद चम्पावत हेतु हरेला पर्व के दिवस पर 70 हज़ार वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनपद के सभी प्रमुख विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, राष्ट्रीय राजमार्गों सहित अन्य विभिन्न सार्वजनिक और चिन्हित क्षेत्रों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह महाअभियान 16 जुलाई से शुरू होकर अगले एक महीने तक निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जा सके। वृक्षारोपण के साथ-साथ इस अभियान के तहत नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन का कार्य भी प्रमुखता से किया जाएगा।
जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के प्रत्येक परिवार को 2 पौधे प्रदान किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त, हरियाली बढ़ाने के लिए जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा वन पंचायत को भी 20-20 पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि कड़े वे इस महाअभियान से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों को समय से और पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह संकल्प धरातल पर पूरी तरह साकार हो सके।

