चम्पावत : खेल प्रतिभाओं के हित में बॉक्सिंग प्रशिक्षक का स्थानांतरण रोकने की कवायद, उच्चाधिकारियों से हुई वार्ता
चम्पावत। विभिन्न विभागों में सुगम से दुर्गम और दुर्गम से सुगम श्रेणी के अंतर्गत हुए हालिया स्थानांतरणों के क्रम में खेल विभाग में भी तबादले किए गए हैं। इसी प्रक्रिया के तहत टनकपुर छात्रावास में तैनात बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर का स्थानांतरण दुर्गम से सुगम श्रेणी के अंतर्गत खेल कार्यालय, देहरादून के लिए किया गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट ने कहा है कि टनकपुर छात्रावास के खिलाड़ियों की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं और वहां की शानदार खेल उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जा रहा है। खेल के स्तर और बच्चों के भविष्य को प्रभावित होने से बचाने के लिए इस स्थानांतरण को निरस्त करने के संबंध में उच्चाधिकारियों से विस्तृत बातचीत की जा चुकी है। जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि खेल और खिलाड़ियों के व्यापक हित को देखते हुए फिलहाल बॉक्सिंग प्रशिक्षक को टनकपुर से कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा और इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

