चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा: हुकुम सिंह कुंवर

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर ने कहा है कि राज्य आंदोलनकारियों की विभिन्न समस्याओं, सम्मानजनक पेंशन तथा चिन्हीकरण से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने यह बात बुधवार को लोहाघाट स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित बैठक में आंदोलनकारियों की समस्याएं सुनने के दौरान कही।

कुंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की सुविधाओं और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार से निरंतर संवाद किया जाएगा। बैठक के दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने उत्तराखंड रोडवेज की बसों में प्रदेश के बाहर भी निःशुल्क यात्रा सुविधा देने, सेवारत आंदोलनकारियों के आश्रितों को प्रमाण पत्र जारी करने तथा 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सहित अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। आंदोलनकारियों ने कहा कि कई पात्र लोगों को वर्षों बाद भी पेंशन और अन्य सम्मानजनक सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे उनमें निराशा है।

Ad Ad

इस अवसर पर आंदोलनकारियों ने प्रशासन द्वारा चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों के शीघ्र चिन्हीकरण की प्रक्रिया पूरी करने और वंचित आंदोलनकारियों को भी न्याय दिलाने की मांग की। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। इससे पूर्व राज्य आंदोलनकारियों ने जिला सचिव राजू गड़कोटी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह पहुंचकर हुकुम सिंह कुंवर का फूलमालाओं से स्वागत किया। बैठक के बाद परिषद के हुकुम सिंह कुंवर राज्य आंदोलनकारी एडवोकेट नवीन मुरारी के आवास पर भी भी गए। बैठक में दिनेश चंद्र पांडेय, प्रह्लाद सिंह मेहता, बृजेश माहरा, सुरेश ढेक, भूपेश देव, जीवन मेहता, एलएम कुंवर, सुरेंद्र बोहरा, भुवन जोशी, अजय बोहरा, एसन उप्रेती, रोहित खोलिया, रमेश पांडेय सहित अनेक राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।