18 वर्षीय छात्रा का खून से सना शव मिलने से हड़कंप, युवक पर मॉडलिंग का झांसा देने का आरोप
काशीपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रामनगर रोड के पास सड़क किनारे 18 वर्षीय छात्रा का खून से सना शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान श्यामपुरम, डिफेंस कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय कांति पुत्री गुच्ची झा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उनका परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और लंबे समय से काशीपुर में रह रहा है। कांति ने इसी वर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी की थी।
मॉडलिंग का झांसा देने का आरोप
परिजनों ने पुलिस को रम्पुरा निवासी जॉनी नाम के युवक के बारे में जानकारी दी है। मृतका की मां बिंदुल देवी का आरोप है कि करीब छह महीने पहले जॉनी ने कांति से संपर्क किया था। आरोप है कि उसने छात्रा को मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने और करियर बनाने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ गया।
परिजनों के मुताबिक, कांति के युवक के संपर्क में आने के बाद परिवार में कई बार विवाद की स्थिति बनी। बताया गया कि 5 जुलाई को कांति के जन्मदिन के मौके पर भी इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई थी।
मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी साफ
फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित कराया है और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

