चनोला तोक में क्षतिग्रस्त आंगन से आवासीय भवन को खतरा, परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, डीएम के निर्देश पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई; नियमानुसार मिलेगी राहत राशि
चम्पावत। ग्राम चौड़ादुमखुरी के चनोला तोक में आवासीय भवन के आंगन में गहरी दरार पड़ने और उसके क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर तहसील प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बीसी पंत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया।

प्रशासन के अनुसार, चनोला तोक निवासी रमेश सिंह कठायत पुत्र बहादुर सिंह एवं गिरधर सिंह पुत्र रमेश सिंह के आवासीय भवन के आंगन में गहरी दरार आने से आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते आवासीय भवन के भी प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
मौके का निरीक्षण करने के बाद उपजिलाधिकारी बीसी पंत ने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोनों को एहतियातन देव सिंह कठायत पुत्र हयात सिंह के मकान में सुरक्षित रूप से शिफ्ट कराया। एसडीएम ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार के लिए नियमानुसार पी-20 प्रपत्र की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इसके बाद अनुमन्य राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीडीसी सदस्य प्रकाश सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक सुनील मेहरा सहित संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।

