राजकीय महाविद्यालय बनबसा में एबीवीपी का कब्जा, पांचों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
अध्यक्ष समेत पांच पदों पर एक-एक नामांकन, मतदान से पहले ही तय हुआ परिणाम; विजयी प्रत्याशियों के सम्मान में निकाला विजय जुलूस
बनबसा/चम्पावत। छात्रसंघ चुनाव में मतदान से पहले ही राजकीय महाविद्यालय बनबसा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अध्यक्ष समेत पांच पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पांचों पदों पर केवल एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होने के साथ ही इन सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में अध्यक्ष पद पर अनुष्का सोनकर, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर रितेश बहादुर थापा, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर खुशी वर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर प्रतिभा दत्त तथा सचिव पद पर मिली सागर शामिल हैं।
प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। जनपद चम्पावत के महाविद्यालयों में भी मंगलवार को मतदान की प्रक्रिया प्रस्तावित है, लेकिन बनबसा महाविद्यालय में पांच पदों के परिणाम मतदान से पहले ही निर्विरोध निर्वाचन के रूप में सामने आ गए।

विजयी प्रत्याशियों का किया सम्मान
निर्विरोध निर्वाचित छात्र-छात्राओं के सम्मान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से सोमवार को बनबसा स्थित देवभूमि बीएड कॉलेज में एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन एबीवीपी बनबसा के नगर मंत्री चिराग सिंह बिष्ट ‘चंदन’ ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विजयी प्रत्याशियों का फूलमालाओं और मिष्ठान से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि दीपक राजवार ने निर्वाचित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सद्भाव प्रमुख कैलाश थपलियाल, जिला बाल प्रमुख ललित कलौनी, बनबसा सह नगर कार्यवाह सुशील वर्मा, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री ललित कुंवर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री जतिन देउपा, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार कश्यप, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नारों के बीच निकला विजय जुलूस
सम्मान एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम के बाद नगर मंत्री चिराग बिष्ट के नेतृत्व में बनबसा नगर में विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के नारों के बीच निर्विरोध निर्वाचित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने निर्विरोध निर्वाचन पर खुशी जताते हुए विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही छात्र-छात्राओं से छात्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

