खटीमा के इस्लामनगर में दो पक्षों में चले मारपीट, चाकू और तलवार से हमले में तीन लोग घायल, दो हायर सेंटर रेफर
खटीमा। इस्लामनगर इलाके में दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. इस दौरान चले चाकू तलवार से दो सगे भाई समेत तीन घायल हो गए. जिन्हें उप जिला अस्पताल खटीमा में भर्ती किया गया. जबकि, दो की गंभीर हालत को देख हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
पिछले कुछ समय से लगातार खटीमा नगर में चाकू बाजी, लड़ाई-झगड़े की घटनाओं ने डर का माहौल पैदा कर दिया है. इस मारपीट की घटना के बाद खटीमा कोतवाली पुलिस को तहरीर भी मिली है. घायल दो सगे भाईयों के पिता ने तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी है. खटीमा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामूली विवाद पर चले तलवार और चाकू: जानकारी के मुताबिक, खटीमा के इस्लाम नगर में सोमवार की देर रात दो पक्षों में मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट के दौरान तलवार व चाकू चलने से अफरा-तफरी मच गई. तलवार व चाकू से किए गए हमले में दोनों पक्षों के इस्लाम नगर निवासी दो भाई जावेद (उम्र 16 वर्ष), नावेद पुत्र मुनब्बर खान (उम्र 19 वर्ष) और निसार पुत्र इसरार खान (उम्र 58 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए.
आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर युवकों को बमुश्किल बचाया. घायलों को परिजनों और स्थानीय लोगों ने उप जिला अस्पताल खटीमा पहुंचाया. जहां घायलों का डॉक्टरों की ओर से उपचार किया जा रहा था. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच अस्पताल में भी मारपीट हो गई. जिससे अस्पताल स्टाफ में भी अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह से मामले को शांत कराया. डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद जावेद और नबाब की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया. जबकि, घायल निसार का उपचार करने के बाद छुट्टी दे दी है.
खटीमा नगर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं: बता दें कि बीती 12 दिसंबर 2025 को भी रोडवेज बस स्टेशन के पास दो पक्षों में हुए चाकूबाजी में तुषार शर्मा की हत्या कर दी थी. जबकि, 29 जनवरी 2026 को इस्लाम नगर में वार्ड नंबर 9 निवासी फरदीन को चाकू से हमला कर घायल कर दिया था.
खटीमा नगर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है. इधर, इस्लाम नगर वार्ड नंबर 7 निवासी मुनब्बर खान ने पुलिस को तहरीर सौंपकर तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपकर मारपीट के गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है.
दुकान के बाहर बाइक को पार्क करने को लेकर विवाद हुआ था. जिसमें इस्लामनगर निवासी दो सगे भाई गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए रेफर किया गया है. मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. – निहारिका तोमर, एसपी क्राइम,उधम सिंह नगर

