अल्मोड़ानवीनतमहादसा

तेज रफ्तार कैंटर ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोग घायल

ख़बर शेयर करें -

कार सवार परिवार बच्चे का कर्णभेद कराकर वापस लौट रहा था, घर के पास पहुंचे ही थे कि कैंटर चालक की लापरवाही से हादसा हुआ

अल्मोड़ा। जनपद के चौखुटिया कस्बे में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौखुटिया पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार कैंटर संख्या यूके 01 सीए 1047 का चालक कुंदन मेहरा पुत्र अमरनाथ सिंह मेहरा, निवासी कसार देवी (अल्मोड़ा), चौखुटिया कस्बे से गुजर रहा था। आरोप है कि चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आकर कार संख्या यूके 01 पीए 3478 को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दुलड़ी गांव निवासी राधा देवी पत्नी किशन राम, किशन राम पुत्र देवराव, कोमल पत्नी जगदीश कुमार तथा चांदीखेत निवासी कार चालक वीरेंद्र सिंह, पुत्र शेर सिंह सहित एक बच्चा घायल हो गया। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि किशन राम का परिवार अपने बच्चे का कर्णभेद संस्कार कराकर घर लौट रहा था। जैसे ही उनका वाहन घर के पास पहुंचा, सामने से गलत दिशा में आ रहे कैंटर ने सीधी टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही चौखुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक को हिरासत में लेकर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और नियमित यातायात जांच अभियान चलाने की मांग की है।