3 किमी सड़क में 2.5 किमी ग्रामीणों ने श्रमदान से काटी, वन भूमि के हिस्से में मशीन से मलबा हटाने की मांग
पाटी/चम्पावत। पाटी विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र बांस-बस्वाड़ी से गर्लस्लैक तक सड़क निर्माण में ग्रामीणों ने करीब 2.5 किलोमीटर सड़क श्रमदान से काट दी है। अब करीब 500 से 700 मीटर हिस्से में वन विभाग की भूमि आने के कारण सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ाने और सड़क पर जमा मलबा हटाने के लिए मशीन की अनुमति देने की मांग उठी है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य चन्द्रकला की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि बांस-बस्वाड़ी से गर्लस्लैक तक करीब तीन किलोमीटर सड़क का अधिकांश हिस्सा ग्रामीणों ने श्रमदान से तैयार किया है। वन विभाग की भूमि वाले हिस्से में भी सड़क कट चुकी है और मौके पर सड़क निर्माण की जद में कोई पेड़ नहीं आ रहा है। इसके बावजूद सड़क पर जमा मलबा हटाने के लिए मशीन की आवश्यकता है।

सामाजिक कार्यकर्ता नैन सिंह ने बताया कि बांस-बस्वाड़ी पाटी ब्लॉक मुख्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण ग्राम क्षेत्रों में है। प्रस्तावित सड़क से जमनटाक, बांस-बस्वाड़ी, बसान, गोलनासेरी और पटनगांव समेत आसपास के करीब तीन हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सड़क का कुछ हिस्सा वन विभाग की भूमि से गुजर रहा है। सड़क पहले से काटी जा चुकी है और वहां पेड़ों की कटाई की आवश्यकता नहीं है। ऐसे में सड़क पर जमा मलबा हटाने के लिए मशीन चलाने की अनुमति मिलने से निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा सकता है।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री से वन विभाग से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा कराकर मशीन से मलबा हटाने की अनुमति दिलाने तथा सड़क को जल्द यातायात योग्य बनाने की मांग की है।


