टनकपुर को मिलेगी दो बड़ी रेल सौगात, आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम धामी करेंगे शुभारंभ
टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र टनकपुर को आज (6 जुलाई) दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का उद्घाटन करेंगे।
टनकपुर स्टेशन पर होगा मुख्य समारोह
टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, वरिष्ठ रेल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
पीलीभीत में भी होगा कार्यक्रम
पीलीभीत जंक्शन पर टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद हरी झंडी दिखाकर करेंगे।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद अरुण कुमार सागर तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
लंबे समय से थी नांदेड़ ट्रेन की मांग
कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से तख्त सचखंड हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा की मांग रही है। इस मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है।
साथ ही 55322/55323 टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का मार्ग बढ़ाकर शाहजहांपुर तक करने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
छात्रों, किसानों और व्यापारियों को होगा लाभ
रेलवे के अनुसार, इन दोनों रेल सेवाओं के शुरू होने से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं अन्य उत्पादों को नए बाजार मिलने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और कुमाऊं क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
नियमित संचालन का समय….
17631 नांदेड़–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस
यह ट्रेन 12 जुलाई 2026 से प्रत्येक रविवार रात 11:40 बजे नांदेड़ से चलेगी और पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशिम, अकोला, मलकापुर, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, पीलीभीत और खटीमा होते हुए तीसरे दिन सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
17632 टनकपुर–नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस
यह ट्रेन 14 जुलाई 2026 से प्रत्येक मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होगी। मार्ग में खटीमा, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, धौलपुर, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली, बसमत और पूर्णा होते हुए अगले दिन शाम 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी।
21 कोच के साथ चलेगी नियमित ट्रेन
नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें:
- 2 एसी द्वितीय श्रेणी
- 4 एसी तृतीय श्रेणी
- 1 पेंट्रीकार
- 8 शयनयान
- 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी
- 1 एलएसएलआरडी
- 1 जनरेटर सह लगेजयान
शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों और तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ जाने वाले सिख श्रद्धालुओं को पहली बार सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इसके अलावा छात्रों, व्यापारियों, किसानों और पर्यटकों को भी लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संपर्क को भी नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।

