आईजी कुमाऊं ने बनबसा भारत-नेपाल सीमा का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के दिए सख्त निर्देश
अपराध समीक्षा बैठक में लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष जोर
बनबसा/चम्पावत। जनपद चम्पावत के भ्रमण पर पहुंचीं कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) निवेदिता कुकरेती ने रविवार को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव की उपस्थिति में बनबसा स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद आईजी ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा जनशिकायतों के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।



उन्होंने कहा कि संवेदनशील, पारदर्शी और उत्तरदायी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत किया जाए। इसके अलावा बीट पुलिसिंग, सामुदायिक पुलिसिंग और जनसंवाद को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। आईजी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके। चम्पावत पुलिस ने कहा कि वह प्रभावी अपराध नियंत्रण, संवेदनशील पुलिसिंग और जनसेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

