शादी के सातवें दिन उठी ‘अर्थी’, ड्यूटी पर जाने से पहले बिस्तर पर मृत मिला युवक
नई नवेली दुल्हन की मेहंदी सूखी भी नहीं थी कि उजड़ गया सुहाग
शक्तिफार्म/उधमसिंह नगर। शक्तिफार्म क्षेत्र के पहाड़ी बसगर गांव में शुक्रवार सुबह घटी एक हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। जिस घर में महज एक सप्ताह पहले शादी की खुशियां, शहनाइयों की गूंज और नए जीवन की शुरुआत का उत्साह था, उसी घर में शुक्रवार को मातम छा गया।
विवाह के केवल सात दिन बाद ही 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। जानकारी के अनुसार, मुकेश क्वाराली (37) पुत्र स्वर्गीय जीवन सिंह शुक्रवार सुबह रोज की तरह सितारगंज स्थित सिडकुल की फैक्ट्री में ड्यूटी पर जाने वाले थे। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर देखा तो मुकेश बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े थे। उन्हें जगाने की हर कोशिश नाकाम रही। इसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मुकेश की शादी 25 जून को रामनगर निवासी रुचि (36) के साथ पूरे रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई थी। शादी की खुशियां अभी घर से विदा भी नहीं हुई थीं। रिश्तेदारों के लौटने की बातें, शादी के उपहार और नई जिंदगी के सपने अभी ताजा ही थे कि एक पल में सब कुछ बिखर गया। जिस दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था, उसकी मांग का सिंदूर उजड़ गया।
पति के पार्थिव शरीर से लिपटकर रुचि की दर्दभरी चीखें सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। मुकेश अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में मां और दो बहनें हैं। पिता के बाद अब इकलौते बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार की कमर तोड़ दी है।

