चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

देवीधुरा बग्वाल मेले का भव्य शुभारंभ, 28 अगस्त को होगा ऐतिहासिक बग्वाल

ख़बर शेयर करें -

देवीधुरा/चम्पावत: विश्व प्रसिद्ध देवीधुरा धाम में रविवार को 13 दिवसीय देवीधुरा बग्वाल मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने माँ वाराही देवी मंदिर के मुख्य द्वार पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेला 4 सितंबर तक श्रद्धा, आस्था, संस्कृति और सुरक्षा के समन्वय के साथ आयोजित होगा। मेले का प्रमुख आकर्षण ऐतिहासिक बग्वाल 28 अगस्त को आयोजित की जाएगी।

उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने माँ वाराही देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं शांति की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल हुए।

Ad Ad

पारंपरिक वेशभूषा में निकली शोभायात्रा

मेले के शुभारंभ अवसर पर ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक छलिया नृत्य और कलश यात्रा के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य बाजार से मंदिर मंडल तक निकाली गई शोभायात्रा में महिलाओं और छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लिया। शोभायात्रा ने देवीधुरा की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की मनमोहक झलक पेश की।

संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के विद्यार्थियों और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने वेद मंत्रों एवं स्वस्ति वाचन के साथ अतिथियों का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।

बग्वाल मेले की विशेष पहचान

मुख्य अतिथि राम सिंह कैड़ा ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध माँ वाराही धाम के वार्षिक मेले का शुभारंभ करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देवीधुरा धाम उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित होने वाली ऐतिहासिक बग्वाल इस मेले की विशिष्ट पहचान है, जिसमें चारों खामों के लोग उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हैं।

मंत्री ने माँ वाराही धाम से अपने बचपन के जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि देवीधुरा उनके लिए विशेष आस्था और आत्मीयता का केंद्र रहा है। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में देवीधुरा पहुंचकर माँ वाराही के दर्शन करने और मेले को शांतिपूर्ण एवं भव्य बनाने में सहयोग करने की अपील की।

हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

देवीधुरा बग्वाल मेले में सात थोक और चार खामों से हजारों श्रद्धालु एवं प्रतिभागी शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन और मेला समिति ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता समेत विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। उद्घाटन के बाद मंदिर समिति की ओर से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को स्मृति चिह्न एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मेला संयोजक मोहन सिंह बिष्ट, माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा वल्लभ जोशी, पूर्व मंदिर कमेटी अध्यक्ष खीम सिंह लमगड़िया, नगर पंचायत पाटी अध्यक्ष नारायण लाल, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी पाटी नीतू डांगर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।