देहरादून में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने तीन युवकों पर लगाया हत्या का आरोप
देहरादून: राजधानी देहरादून में रायपुर थाना क्षेत्र की रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में 21 वर्षीय इफ्तिखार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने अनस, आरिस और जावेद समेत अन्य युवकों पर इफ्तिखार की हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि अनस के कार्यालय में इफ्तिखार के साथ मारपीट की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए FSL तथा फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अनस, आरिस और जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक के बड़े भाई इंतजार आलम के मुताबिक, इफ्तिखार इंद्रा मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाता था। शनिवार रात दुकान से लौटने के बाद वह घर के पास स्थित एक गोदाम में अपने दोस्तों के पास गया था। आरोप है कि वहीं किसी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि घायल इफ्तिखार को उसके दोस्त एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल लेकर घूमते रहे, लेकिन घटना की जानकारी परिवार को नहीं दी गई। कई घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली और इसके करीब आधे घंटे बाद इफ्तिखार की मौत हो गई।
इंतजार आलम का आरोप है कि जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने खून को पानी से साफ कर दिया था। परिजनों ने अनस, आरिस, जावेद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

