अमोड़ी-छतकोट मार्ग पर पेड़ और मलबा आने से यातायात बाधित, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया मार्ग
चम्पावत। राष्ट्रीय राजमार्ग के वैकल्पिक मोटर मार्ग अमोड़ी-छतकोट में पेड़ और मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी चम्पावत विपिन चंद्र पंत मौके पर पहुंचे और स्वयं मोर्चा संभालते हुए मार्ग से पेड़ व मलबा हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
एसडीएम पंत ने क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षकों और राजस्व उपनिरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहें और किसी भी दैवीय आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटें। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।



एसडीएम ने क्षेत्र के अन्य संवेदनशील स्थलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वाला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया और कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों से निर्माण कार्य तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वाहनों का आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व निरीक्षक छत्र सिंह बोहरा, राजस्व उपनिरीक्षक हरीश गहतोड़ी, जीवन सिंह रिंगवाल समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

