चम्पावत : कानाकोट में एंबुलेंस को पास देते समय खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत
चम्पावत। जिले के पाटी ब्लॉक में कानाकोट के पास एंबुलेंस को पास देने के दौरान एक रेनॉल्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक विद्युत कर्मी कमल सिंह पुत्र रघुवर सिंह (50) निवासी कानाकोट और राजमिस्त्री बबलू चौधरी पुत्र गंगा चौधरी (38) निवासी वार्ड 18 बगही बकुलिया रतनपुर थाना बैरिया बगाही, पश्चिमी चम्पारण, बिहार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कार संख्या UK04 R 6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर आ रही थी। कानाकोट के पास सामने से आ रही एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।


ग्रामीणों ने खाई में उतरकर किया रेस्क्यू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीण करीब 150 मीटर गहरी खाई में उतरे और दोनों घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।
भवन निर्माण के सामान के लिए जा रहे थे लोहाघाट
मृतक कमल सिंह ऊधम सिंह नगर जिले के लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि उनके भवन निर्माण का काम चल रहा था और निर्माण सामग्री लेने के लिए वह राजमिस्त्री बबलू चौधरी के साथ लोहाघाट की ओर आ रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

