खेलचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना की जिला स्तरीय चयन परीक्षा संपन्न, 160 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग के लिए जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया बृहस्पतिवार को स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया में जिलेभर से विभिन्न खेल विधाओं के 160 उदीयमान खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों और पारदर्शी तरीके से कराई गई। इसका उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना और राज्य स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 55 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

खेलवार भागीदारी की बात करें तो एथलेटिक्स में 55, फुटबॉल में 32, बॉक्सिंग में 19, हॉकी में 13, कराटे और बास्केटबॉल में 12-12, जूडो में 9 तथा ताइक्वांडो में 8 खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता, गति और खेल क्षमता का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न मानकीकृत परीक्षण कराए गए। इनमें 800 मीटर दौड़, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन और वर्टिकल जंप जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं।

Ad Ad

विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने किया तकनीकी मूल्यांकन

चयन प्रक्रिया नोडल अधिकारी ललित मोहन कुंवर और स्टेडियम प्रभारी गौरव खोलिया की देखरेख में संपन्न हुई। आयोजन में शिक्षा विभाग से ललित मोहन भट्ट, रचित वल्दिया, चंद्र सिंह खोलिया, ममता बिष्ट, दिनेश नेगी, प्रदीप कश्यप, नवीन पुनेठा, हिमांशु गड़कोटी, भुवन जोशी, चंद्रा पांडे और रीना राणा ने सक्रिय सहयोग किया। खिलाड़ियों के तकनीकी मूल्यांकन के लिए खेल विभाग के विशेषज्ञ प्रशिक्षक और निर्णायक भी मौजूद रहे। फुटबॉल में पवनेश पाटनी, रण बहादुर मल और नितिन ढेक, बॉक्सिंग में सूरज पांडे और आनंद सिंह, हॉकी में प्रकाश सिंह, मनमोहन डांगी और गौरव पंत तथा बास्केटबॉल में सुभाष पांडे और शिवम डांगा ने जिम्मेदारी संभाली।

इसी तरह एथलेटिक्स में कृष्णा, आकाश और नरेंद्र, कराटे में विजय रावत, दीपक और राकेश जोशी, ताइक्वांडो में इमरान अली, क्रिकेट में मनोज टकवाल, हैंडबॉल में महेश चुफाल तथा सेपक टाकरा में राजेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों के मूल्यांकन में सहयोग किया। जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से सामने आई प्रतिभाओं को आगे राज्य स्तरीय अवसर मिलने की उम्मीद है। योजना का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रोत्साहन देकर खेल के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा को निखारना है।