चंपावतटनकपुरनवीनतमबनबसा

‘गांव चलो अभियान‘ के तहत सीएम धामी पहुंचे फागपुर की सबिता और संगीता के घर, कुट्टी काटी और चाखे पर दाल दली, समस्याएं भी हल कीं और टनकपुर बनबसा क्षेत्र के लिए सात घोषणाएं भी कीं

ख़बर शेयर करें -

बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांव चलो अभियान के तहत ग्राम फागपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। यहां पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व लोगों द्वारा सीएम का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के विकास के लिए किए जा रहे अनेकों विकास कार्यों के अतिरिक्त चम्पावत जिले में हो रहे अनेकों विकास कार्यों व स्वीकृत योजनाओं की जानकारी दी।

सीएम धामी हेलीपैड से सीधे फागपुर निवासी सबिता देवी पत्नी दिनेश आर्या के घर पहुंचे। जहां उन्होंने परिवार वालों का हाल.चाल जाना और वार्ता की। उन्होंने वहां चारा कुट्टी मशीन भी चलायी और काम करने के प्रति संदेश दिया। परिवारजनों ने उनके समक्ष अपने कच्चे गोठ की समस्या रखी। जिस पर सीएम ने उप जिलाधिकारी टनकपुर को तत्काल इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उसके बाद सीएम संगीता रावल पत्नी राजकुमार रावल के घर पहुंचे और वहा नन्हे मुन्ने बच्चों से बात की और उन्हें चॉकलेट, टाफी दी। अपने पास मुख्यमंत्री को पाकर बच्चे और स्थानीय लोग काफी खुश नजर आए। वहां सीएम ने चाखा (पत्थर की हाथ वाली चक्की) चलाया और भट्ट की दाल को दला। अपने बीच अचानक सीएम को पाकर दोनों घरों के लोग काफी उत्साहित व खुश नजर आए और उनका स्वागत किया।

फागपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विवेकाधीन कोष से मनीषा देवी पत्नी देवेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कैनाल कॉलोनी चांदनी को 01 लाख तथा मीना देवी पत्नी स्वर्गीय विपिन कुमार निवासी बोरागोठ टनकपुर को 50 हजार की धनराशि स्वीकृत करते हुए शीघ्र प्रदान करने के निर्देश उपजिलाधिकारी को दिए। इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा, उपाध्यक्ष वन एवं पर्यावरण दीपक मेहरा, जिला पंचायत सदस्य किरण देवी, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, शिवराज सिंह कठायत, ग्राम प्रधान हर्षवर्धन, उप जिला अधिकारी आकाश जोशी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधिएभारी संख्या में जनता मौजूद रही।

सीएम ने क्षेत्र के विकास को की सात घोषणाएं …

  • टनकपुर स्टेडियम का उच्चीकरण तथा 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, इंडोर स्विमिंग पूल, बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया जाएगा।
  • टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में अर्बन फॉरेस्ट योजना के अन्तर्गत पृथक-पृथक वृहद पार्क का निर्माण किया जाएगा।
  • ग्राम सभा फागपुर में आन्तरिक मार्गों का निर्माण किया जाएगा।
  • राजकीय प्राइमरी पाठशाला फागपुर व जूनियर हाईस्कूल फागपुर का रूपान्तरण, स्मार्ट कक्षा का निर्माण व आधुनिकीकरण किया जायेगा।
  • राजकीय जूनियर हाईस्कूल फागपुर का नाम डा० भीमराम अम्बेडकर के नाम पर रखा जायेगा।
  • बनबसा केनाल गेट से देवीपुरा धनुष पुल तक सड़क को हॉटमिक्स किया जायेगा।
  • टनकपुर में नशामुक्ति केन्द्र की स्थापना की जाएगी।