चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

जमीन कब्जे को लेकर चम्पावत के जूप में हंगामा, महिलाओं ने पेड़ पर चढ़कर आत्मदाह की दी चेतावनी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिला मुख्यालय के जूप क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। कोर्ट से नीलाम हुई जमीन पर कब्जा लेने पहुंची प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने पेड़ पर चढ़कर आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे मौके पर करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिला न्यायालय के निर्देश पर प्रशासन की टीम जूप क्षेत्र में नीलाम हुई जमीन पर कब्जा लेने पहुंची थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जमीन की कुर्की और नीलामी की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। विरोध बढ़ने पर मौके पर हंगामा शुरू हो गया।

Ad Ad

इसी बीच कुछ महिलाएं पेड़ पर चढ़ गईं और आत्मदाह का प्रयास करने लगीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम विपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने स्थिति को शांत कराया।

मामले में स्थानीय लोगों रूप सिंह, प्रेम सिंह, नंदन सिंह, खीम सिंह, प्रह्लाद सिंह आदि का कहना है कि उन्होंने करीब 50 वर्ष पहले जमीन खरीदी थी। हालांकि किसी कारणवश दाखिल-खारिज समेत आगे की राजस्व प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बावजूद वे तब से लगातार इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उक्त जमीन में से करीब एक नाली पांच मुट्ठी भूमि को चरस तस्करी के मामले में सजा काट रहे हेमराज बोहरा ने कोर्ट में जमानत के लिए लगाया था। जमानत राशि जमा नहीं होने पर कोर्ट ने उक्त भूमि की नीलामी कर दी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जमीन की कुर्की और नीलामी से पहले उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि वे पांच दशक से अधिक समय से जमीन पर कृषि कार्य कर रहे हैं और अचानक प्रशासन की ओर से कब्जा लेने की कार्रवाई किए जाने से उनके सामने संकट खड़ा हो गया है। मौके पर पहुंचे एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से कार्रवाई जिला कोर्ट के निर्देश पर की गई थी। प्रशासन ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ही जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई की है।