देहरादूननवीनतम

उत्तराखंड: पांच महिलाएं घने जंगल में भटकीं, एसडीआरएफ ने 12 किलोमीटर चलकर सभी को बचाया

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के निकट घने जंगल में रास्ता भटक गई पांच महिलाओं का राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कठिन भू-भाग और घने जंगल के बीच चले अभियान में टीम ने करीब 12 किलोमीटर पैदल सर्च ऑपरेशन चलाकर सभी महिलाओं को सकुशल खोज निकाला। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम डीसीआर देहरादून और चौकी हर्रावाला से SDRF को सूचना मिली कि लक्ष्मण सिद्ध मंदिर क्षेत्र के जंगल में पांच महिलाएं रास्ता भटक गई हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं। सूचना मिलते ही SDRF वाहिनी मुख्यालय से मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई।


घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के बावजूद टीम ने लगातार पैदल तलाश जारी रखी और लगभग 12 किलोमीटर अंदर जंगल में सभी पांचों महिलाओं को सुरक्षित खोज लिया। इसके बाद SDRF टीम ने सभी महिलाओं को पैदल ही सुरक्षित जंगल से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया और उन्हें सकुशल चौकी हर्रावाला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। SDRF की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से पांचों महिलाओं की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी।

Ad Ad