चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : रोखड़ के किनारे सड़क मार्ग छोड़े जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया साइट इंचार्ज का घेराव

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। थवालखेड़ा ग्रामसभा के ग्रामीणों ने शारदा कॉरिडोर निर्माण के तहत बन रहे बन्दे (सुरक्षा दीवार) के कारण भविष्य में होने वाली आवागमन की समस्या को लेकर चिंता जताते हुए निर्माण कार्य करा रही एजेंसी के साइट इंचार्ज का घेराव किया। उन्होंने निर्माणाधीन नहर के किनारे सड़क आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़े जाने की मांग दोहराई।

ग्रामीणों का कहना है कि थवालखेड़ा ग्रामसभा के दर्जनों परिवारों का रास्ता गौचर, पनघट और रोखड़ की ओर से ही है। यदि रोखड़ के किनारे ग्रामीणों के लिए सड़क मार्ग छोड़े बिना ही सुरक्षा दीवार खड़ी कर दी गई, तो इन परिवारों का मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूर्णागिरी मार्ग से कुन्दन सिंह के घर तक (लगभग 600 मीटर के मध्य) पुरानी वायरकेट सुरक्षा दीवार और निर्माणाधीन नहर निर्माण की सुरक्षा दीवार के बीच में जगह खाली छोड़ी जाए। ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर पर्याप्त जगह छोड़ने से न केवल वर्तमान में उनका आवागमन सुचारू रहेगा, बल्कि भविष्य में वहां एक स्थाई सड़क का निर्माण भी कराया जा सकेगा। घेराव करने वालों में पूर्व प्रधान सतीश पांडेय, प्रधान प्रतिनिधि बृजमोहन मोहन जोशी, पंकज पांडेय, उमेश जोशी, रोहित जोशी, सुनील शर्मा, नारायण दत्त, नरायण सिंह अधिकारी, प्रेम सिंह, पंकज सिंह, कुंदन सिंह, रमेश सिंह आदि ग्रामीण शामिल रहे। मालूम हो कि पिछले दिनों ग्रामीणों अपनी चिंता और मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन भेजा था।

Ad Ad
Ad Ad