अल्मोड़ानवीनतमहादसा

घास काटने गए दंपती पर ततैयों का हमला, पति की मौत; पत्नी घायल

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। स्याल्दे ब्लॉक के गोलना गांव में रविवार को मवेशियों के लिए घास काटने गए एक दंपती पर ततैयों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें ततैयों के झुंड से बचाया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही पति की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

गोलना गांव निवासी 65 वर्षीय खीम सिंह पुत्र सुधान सिंह अपनी 50 वर्षीय पत्नी विमला देवी के साथ रविवार को घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में मवेशियों के लिए घास काटने गए थे। इसी दौरान अचानक ततैयों के झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया। ततैयों के डंक से बचने के लिए दंपती ने शोर मचाया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को ततैयों के झुंड से बाहर निकाला।

Ad Ad

इसके बाद ग्रामीण दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट ले गए। बताया गया कि खीम सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में ततैयों ने कई डंक मारे थे। हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

वहीं, उनकी पत्नी विमला देवी की आंख, हाथ और गाल पर भी ततैयों ने डंक मारे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई और उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गांव और आसपास के क्षेत्रों में ततैयों के बढ़ते आतंक को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।