चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

रीठा साहिब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द शुरू होगी एक्स-रे सुविधा, एक सप्ताह में मिलेगा लाभ

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद के दूरस्थ क्षेत्र रीठा साहिब (चौड़ा मेहता) स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र ही एक्स-रे सुविधा शुरू होने जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में एक्स-रे मशीन की स्थापना का कार्य अप्रैल माह के प्रारंभ में पूर्ण कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि एक्स-रे मशीन के संचालन से पूर्व भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (Atomic Energy Regulatory Board – AERB) से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होता है। यह अनुमति 30 अप्रैल 2026 को प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद मशीन संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि नियमानुसार एक्स-रे तकनीशियन की नियुक्ति हेतु रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, किन्तु निर्धारित अवधि में केवल दो आवेदन प्राप्त होने के कारण तकनीकी आधार पर चयन प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी। अब पुनः भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए आवेदन की अवधि 21 मई से एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर एक्स-रे तकनीशियन की नियुक्ति पूर्ण कर मशीन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। एक्स-रे सुविधा प्रारंभ होने से रीठा साहिब एवं आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को जांच के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Ad Ad

मालूम हो कि रीठा साहिब क्षेत्र के अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा न होने की वजह से मरीजों को करीब 60 किमी दूर लोहाघाट की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ता है। इसमें लोगों आर्थिक रूप से तो मार पड़ती ही है, उनका आने जाने में समय भी काफी बर्बाद होता है।

Ad Ad