सीएम के टनकपुर दौरे से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में, कार्रवाई पर उठाए सवाल
दो घंटे थाने में बैठाए रखने का आरोप, बोले कार्यकर्ता- जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टनकपुर दौरे से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले उन्हें हिरासत में लेकर करीब दो घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए टनकपुर आए थे और उनके कार्यक्रम का विरोध करने की उनकी कोई योजना नहीं थी। इसके बावजूद कार्यक्रम से पहले ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनका उद्देश्य विरोध प्रदर्शन करना नहीं था, तो पुलिस ने यह कार्रवाई किस आधार पर की।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं, रोजगार, शिक्षा, सड़क और क्षेत्रीय समस्याओं जैसे जनहित के मुद्दों को उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को जनता की आवाज सुनने और समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना चाहिए। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा, “धामी जी, अगर जनहित के मुद्दे उठाने वाली आवाजों से इतना ही डर है, तो पुलिस की हिरासत नहीं, जनता के सवालों का जवाब दीजिए।” हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं में नगर अध्यक्ष श्याम सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनोद बडेला, रूपेश सक्सेना, गौरव जोशी, सौरभ गिरी, शिवम मिश्रा, अमित चंद्र और उस्मान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल बताए गए हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के आधार और हिरासत में लिए जाने के संबंध में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।

