रुद्रपुर में आवारा पशुओं से टकराकर युवक की मौत, रामनगर में जिप्सी और स्कूल बस की भयानक टक्कर

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में आवारा गौवंश से टकराने के बाद एक युवक ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अलखदेवा निवासी 35 वर्षीय परविंदर सिंह उर्फ पिंदर मक्कड़ की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। परविंदर सिंह एक कंपनी के कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।
बताया जा रहा है कि परविंदर सिंह बीती रात किसी काम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक निराश्रित (आवारा) गौवंश उनके वाहन के सामने आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वो सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वो संभल पाते, पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क के बीचों बीच खून से लथपथ शव पड़े होने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा भी देखने को मिला। वहीं, स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। घायल अवस्था में युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


