अल्मोड़ाउत्तराखण्डचंपावतनवीनतम

चेकिंग से बचकर भागा लीसे से भरा कैंटर, नाली में फंसते ही खुला राज

ख़बर शेयर करें -

मोरनौला में वन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 13 लाख रुपये का लीसा बरामद; चालक हिरासत में

देवीधुरा/चम्पावत। मोरनौला में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान लीसे की बड़ी खेप पकड़ी है। चेकिंग के लिए रोके जाने पर भागने की कोशिश कर रहा कैंटर कुछ दूरी पर सड़क किनारे नाली में फंस गया। तलाशी लेने पर कैंटर से करीब 13 लाख रुपये कीमत का लीसा बरामद हुआ। पुलिस और वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार मोरनौला स्थित वन विभाग और पुलिस चौकियों पर नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कैंटर संख्या UK-04-CV-1569 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। वन एवं पुलिस कर्मियों ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर तेज रफ्तार कैंटर सड़क किनारे नाली में फंस गया।

इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को कब्जे में लिया और इसकी सूचना देवीधुरा के वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी को दी। पूछताछ के दौरान कैंटर में मौजूद व्यक्ति ने खुद को यात्री बताया, लेकिन उसकी जेब से चालक का ड्राइविंग लाइसेंस मिलने के बाद पुलिस और वनकर्मियों को उसकी बात संदिग्ध लगी। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
कैंटर को नाली से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। कार्रवाई की सूचना पर अल्मोड़ा सिविल सोयम वन प्रभाग, लमगड़ा, जागेश्वर और उत्तरी गोला के वन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल जागेश्वर रेंज के अंतर्गत आने के कारण बरामद लीसा, कैंटर और हिरासत में लिए गए व्यक्ति को जागेश्वर वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी के सुपुर्द कर दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी के अनुसार चालक लीसे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज न होने के कारण लीसा अवैध रूप से ले जाए जाने की आशंका जताई गई है।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान बलवंत सिंह के रूप में हुई है। मामले की आगे की जांच जागेश्वर रेंज द्वारा की जा रही है। डीएफओ धेनु पुरुषोत्तम ने कार्रवाई में शामिल वन विभाग और पुलिस कर्मियों की सतर्कता की सराहना की।