देवीधुरा मेला क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 4 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच को भेजे
चम्पावत/देवीधुरा। देवीधुरा मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर विभागीय टीम ने देवीधुरा बाजार और मेला क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान जनरल स्टोर्स, मिठाई की दुकानों, रेस्तरां, भोजनालयों और फास्ट फूड सेंटरों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, रसोई की स्वच्छता, इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल की गुणवत्ता और समग्र हाइजीन व्यवस्था की जांच की गई।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीम ने बर्फी, बूंदी मिठाई, चायपत्ती और पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के कुल चार नमूने एकत्र किए। सभी सैंपल राजकीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


सफाई में लापरवाही पर मिठाई दुकान को नोटिस
निरीक्षण के दौरान एक मिठाई की दुकान में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर प्रतिष्ठान स्वामी को सख्त चेतावनी देते हुए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधार करने का नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेला क्षेत्र के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और ताजगी का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने कहा कि फास्ट फूड सेंटरों और अन्य दुकानों में खाद्य पदार्थों को धूल, गंदगी और अन्य दूषित तत्वों से बचाने के लिए उन्हें शीशे, जाली या सूती कपड़े से ढककर रखना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान और आसपास के परिसर में पूर्ण स्वच्छता बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।

