चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

देवीधूरा में बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग, 9.80 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। देवीधूरा क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शासन ने तहसील पाटी के ग्राम देचमार में मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण के लिए ₹980.23 लाख यानी करीब 9.80 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि ₹392.09 लाख यानी करीब 3.92 करोड़ रुपये भी जारी की गई है। मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, चम्पावत के माध्यम से कराया जाएगा, जबकि स्वीकृत धनराशि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चम्पावत के माध्यम से कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि देवीधूरा धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से जनपद का महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मल्टी लेवल पार्किंग बनने से वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं शर्तों के अनुरूप निर्माण कार्य की आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा सामग्री का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि परियोजना से देवीधूरा में पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Ad Ad