19 वर्षीय युवती के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार
रुद्रपुर/काशीपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने काशीपुर में 20 अगस्त को सड़क किनारे मिली 19 वर्षीय युवती की लाश के मामले का खुलासा करते हुए डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक युवती ने डंपर से लिफ्ट ली थी, जिसके बाद उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया गया। विरोध करने पर लोहे के हुक से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों ने करीब 72 घंटे तक लगातार जांच की। इस दौरान घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों तक 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस संदिग्ध डंपर तक पहुंची और आखिरकार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


चैती मैदान से डंपर तक पहुंची पुलिस
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 20 अगस्त को काशीपुर के धनौरी पट्टी क्षेत्र में रामनगर रोड के किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इसी दौरान एक डंपर संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने मृतका और संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर और लोकेशन का भी विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि घटना से पहले युवती की लोकेशन चैती मैदान के आसपास थी। 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे उसने चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे कुछ देर बाद कैंसिल कर दिया गया था।
डंपर चालक तक ऐसे पहुंची पुलिस
जांच में मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार मोबाइल फ्लाइट मोड में था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया।
वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, काशीपुर भी मौजूद था।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जांच में दोनों की कथित संलिप्तता सामने आई।
लिफ्ट मांगकर डंपर में बैठी थी युवती
पुलिस के अनुसार राजू अपने साथी सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चैती मैदान के पास युवती ने डंपर रुकवाकर लिफ्ट मांगी। पुलिस का आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और खुद युवती के पास बैठ गया। एकांत स्थान पर उसने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक युवती ने विरोध किया और कथित तौर पर राजू को दांत भी काट लिया। उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव सड़क किनारे फेंका, मोबाइल से गुमराह करने की कोशिश
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने युवती के शव को सड़क किनारे फेंक दिया और डंपर लेकर क्रेशर की ओर चले गए। युवती का मोबाइल डंपर में ही छूट गया था। आरोप है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल को बाद में सड़क पर रख दिया गया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के चलते पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
डंपर से हुक और युवती का बैग बरामद
पुलिस ने 23 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर कब्जे में ले लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर से लोहे का हुक और मृतका का बैग बरामद किया गया। बैग में आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय राजू और 19 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।

