चंपावतटनकपुरनवीनतम

रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस से पहले टनकपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। आगामी स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर क्षेत्र में मिलावटखोरी और खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। गुरुवार को जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों सहित एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग कुमाऊं मंडल के उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान गुणवत्ता पर संदेह होने पर चिकन बिरयानी, बिस्कुट, मसाले और कोल्ड ड्रिंक समेत 5 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है।

Ad Ad

उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठायत ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी, बासी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिए कि गर्म खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में अखबार या कागज के बर्तनों में परोसने से बचें।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को भोजन तैयार करने और परोसने के समय ग्लव्स, कैप और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही दुकानदारों और राशन विक्रेताओं को एक्सपायरी डेट वाले उत्पाद न रखने और न बेचने की सख्त हिदायत दी गई। उपायुक्त ने जिला खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों या शिकायत मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अभियान में अभिहित अधिकारी संजय सिंह, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, सहयोगी दिनेश फर्त्याल सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।