चम्पावत : स्वास्थ्य कर्मी बिना अनुमति मीडिया में नहीं दे सकेंगे कोई भी बयान: मुख्य चिकित्सा अधिकारी
चम्पावत। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मीडिया में बिना अनुमति के दिए जा रहे बयानों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ तौर पर निर्देशित किया है कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से संबंधित कोई भी सूचना, टिप्पणी या अभिमत मुख्य चिकित्सा अधिकारी के स्थान पर अथवा बिना अनुमति के प्रिंट या टीवी मीडिया के समक्ष न रखा जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संज्ञान लिया है कि विभिन्न चिकित्सालयों और क्षेत्रों में होने वाली अनियमितताओं व स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सीधे मीडिया को बयान दिए जा रहे हैं, जिनका प्रकाशन और प्रसारण भी हो रहा है। इस व्यवस्था को अनुशासनहीनता मानते हुए उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में विभाग द्वारा दी जाने वाली सभी सेवाएं, उपलब्धियां अथवा जनजागरूकता से जुड़ी आधिकारिक सूचनाएं स्वयं उनके द्वारा ही मीडिया को जारी की जाएंगी।
डॉ. देवेश चौहान ने जनपद चम्पावत के समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए है कि कोई भी व्यक्ति अपने स्तर से मीडिया में किसी भी तरह का बयान, मत या टिप्पणी न करे। इन आदेशों का उल्लंघन करने वाले या बिना अनुमति के मीडिया में बयानबाजी करने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

