चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में मानसून से निपटने की तैयारी: जलभराव रोकने के लिए बड़े नालों की ‘तलीझाड़’ सफाई शुरू

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। आगामी मानसून के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद टनकपुर ने अपनी कमर कस ली है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों का पालन करते हुए पालिका प्रशासन ने नगर के सभी वार्डों में बड़े नालों की गहन ‘तलीझाड़’ सफाई का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को वार्ड संख्या 4 और 11 के बीच स्थित मुख्य नाले की JCB मशीन के जरिए व्यापक सफाई की गई।

नगर पालिका के EO ऋषभ उनियाल ने बताया कि वर्षा ऋतु में जलभराव रोकने और पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रमुख नालों को चरणबद्ध तरीके से साफ किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में नगर के अन्य सभी बड़े नालों की भी जेसीबी से सफाई कराई जाएगी ताकि बारिश का पानी बिना किसी रुकावट के बह सके और स्थानीय निवासियों को कोई असुविधा न हो। सफाई अभियान के साथ ही नगर पालिका प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पालिका ने चेतावनी दी है कि नालों या नालियों में कूड़ा-कचरा फेंकने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे जलभराव के हालात बनते हैं। यदि कोई भी व्यक्ति नालों में गंदगी फैलाता हुआ पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दोहराया कि मानसून की दस्तक से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर लिया जाएगा।

Ad Ad