टनकपुर से नांदेड तक सीधी रेल सेवा शुरू, शाहजहांपुर तक बढ़ी ट्रेन; केंद्रीय रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड के लिए सोमवार का दिन रेलवे कनेक्टिविटी के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा> ने टनकपुर, नांदेड और पीलीभीत स्टेशनों से वर्चुअल माध्यम से टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड–मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर–पीलीभीत पैसेंजर का शाहजहांपुर तक विस्तार हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस और नांदेड–मुंबई एक्सप्रेस को मंजूरी दी गई है। साथ ही टनकपुर–पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल में तेजी से बदलाव हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बिछाए गए हैं और 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। बुलेट ट्रेन परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है और अगले वर्ष इसके संचालन का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि 12 हजार नए सामान्य श्रेणी के कोच तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से 4 हजार पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं। त्योहारों और यात्रा सीजन में विशेष ट्रेनों का संचालन भी लगातार बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर को उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊँ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि टनकपुर कुमाऊँ का प्रवेश द्वार है और यहीं से पूर्णागिरि मंदिर तथा आदि कैलाश की यात्रा शुरू होती है। इस ट्रेन से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को उत्तराखंड पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को भी नए बाजार मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड–मुंबई एक्सप्रेस के संचालन को धार्मिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे नांदेड आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि टनकपुर की धरती पर गुरु नानक देव और गुरु हरगोबिंद सिंह का आगमन हुआ था। अब यहां के श्रद्धालु सीधे तख्त श्री हजूर साहिब, जो गुरु गोबिंद सिंह से जुड़ा पवित्र स्थल है, तक रेल मार्ग से पहुंच सकेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक विस्तारित ट्रेन सेवा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग थी। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

पीलीभीत में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि शाहजहांपुर तक ट्रेन विस्तार और टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस के संचालन से पीलीभीत सहित पूरे तराई क्षेत्र के लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
समारोह में सांसद मिथलेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी नई रेल सेवाओं का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। टनकपुर में अतिथियों का स्वागत पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर तथा पीलीभीत में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने किया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा भी उपस्थित रहीं।


