चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : चरस तस्कर को 10 साल की सजा, 1 किलो से अधिक चरस के साथ हुआ था गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। चरस तस्करी के मामले में चम्पावत के विशेष सत्र न्यायालय ने एक नेपाली नागरिक को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे जिला शासकीय अधिवक्ता विद्याधर जोशी ने बताया कि विशेष सत्र न्यायाधीश एवं जिला जज अनुज कुमार संगल ने शुक्रवार को मामले में फैसला सुनाया। मामले के अनुसार, 9 दिसंबर 2024 को नेपाल सीमा से सटे बनबसा क्षेत्र में SSB की समवाय चौकी के जवान सीमा स्तंभ संख्या 805/01 के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ से लगभग 800 मीटर दूर एक नेपाली नागरिक के कब्जे से 1 किलो 14 ग्राम चरस बरामद की गई।

Ad Ad

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ध्रुव बहादुर सिंह (56) निवासी वार्ड नंबर-3, चेनपुर, जिला बजांग (नेपाल) के रूप में हुई। बरामदगी के बाद बनबसा थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम की धारा 8/20/23 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेज अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए। सभी साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड जमा नहीं करने पर दोषी को एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड