कांस्टेबल हेम महरा का तबादला रद्द करने की मांग, टैक्सी चालकों ने किया प्रदर्शन
लोहाघाट/चम्पावत। नगर की यातायात व्यवस्था संभालने वाले यातायात पुलिस कर्मी कांस्टेबल हेम महरा के उधम सिंह नगर स्थानांतरण का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड पर टैक्सी चालकों ने गुमदेश टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन सिंह धोनी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर उनका तबादला निरस्त कर पुनः लोहाघाट में तैनाती की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कांस्टेबल हेम महरा की तैनाती के दौरान लोहाघाट नगर की यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित रहती थी। उनके स्थानांतरण के बाद नगर में विभिन्न स्थानों पर जाम की समस्या बढ़ गई है, जिससे वाहन चालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टैक्सी चालकों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में नगर की यातायात व्यवस्था होमगार्ड के भरोसे है, लेकिन बढ़ते यातायात दबाव के बीच व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि स्टेशन बाजार, गैस गोदाम, मीना बाजार और शीतला माता मंदिर मार्ग सहित कई स्थानों पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। वहीं, स्कूल समय में लागू की जाने वाली वन-वे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस विभाग और शासन-प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए कांस्टेबल हेम महरा की पुनः लोहाघाट में तैनाती करने तथा नगर की यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में गुमदेश टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन सिंह धोनी के अलावा उमेद अधिकारी, पवन सिंह, भूपेंद्र सिंह, महेश जोशी, ईश्वर जोशी, दिनेश कुमार, नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक शामिल रहे।

