उत्तराखंड में अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की टेंशन खत्म, अब UKPSC ने किया खास प्रबंध
उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के एडमिट कार्ड पर होगा क्यूआर कोड, अभ्यर्थियों को आसानी से मिलेगी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन
देहरादून। उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों की एक बड़ी टेंशन आयोग ने खत्म कर दी है। अभी तक परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना अभ्यर्थियों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता था। ऐसे में क्यूआर कोड की नई व्यवस्था राज्य में आगामी परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की परेशानियों को खत्म करेगा।
पेपर लीक से जुड़े मामलों और बढ़ती तकनीक के बीच प्रतियोगी परीक्षा करने वाले आयोग भी खुद को अपडेट कर रहे हैं। लगातार परीक्षाओं को बेहतर करने और अभ्यर्थियों को सुविधायें देने के लिए नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं। इस कड़ी में इस बार उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने क्यूआर कोड की व्यवस्था को इंट्रोड्यूस किया है। यह व्यवस्था परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों के पहुंचने की परेशानियों को खत्म करेगी।
दरअसल, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने ये तय किया है कि अब से एडमिट कार्ड पर एक क्यूआर कोड भी दिया जाएगा, जिसे स्कैन करते ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों की लोकेशन मिल जाएगी। इसी के आधार पर अभ्यर्थी शहर में या दूरस्थ इलाके में कहीं भी मौजूद परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंच सकेंगे। यह व्यवस्था न केवल परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र पहुंचने की दिक्कत को दूर करेगा। बल्कि परीक्षार्थियों का समय भी बचाएगा। खास बात ये है कि लोक सेवा आयोग परीक्षा केंद्रों के चयन से लेकर उसके प्रबंधन को भी डिजिटल बनाने की तैयारी कर रहा है, जिसके लिए नया परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम तैयार किया गया है।
अच्छी बात ये है कि प्रदेश भर में 200 परीक्षा केंद्रों को इस नए परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम में पंजीकृत कर लिया गया है। इसके बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को भी अब परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र का चयन करना बेहद आसान हो जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों को भी पोर्टल के माध्यम से सभी सूचनाएं मिलती रहेंगी। इस दौरान परीक्षार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति के अलावा निगरानी और दस्तावेजों के प्रबंधन को भी कर सकेंगे। राज्य में सभी 13 जिलों में पंजीकृत परीक्षा केंद्र मौजूद हैं, इससे राज्य के किसी भी जिले में परीक्षा केंद्रों का परीक्षार्थियों के लिए चयन और परीक्षार्थियों की संख्या का अपडेट भी आयोग को मिल पाएगा।
“इस नई व्यवस्था से परीक्षा केंद्र के साथ आयोग का समन्वय बेहतर होगा. परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर होने वाली कसरत भी कम हो पाएगी।”- अशोक कुमार, सचिव, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग

