चंपावतनवीनतमबनबसा

नेपाल के महेन्द्रनगर स्थित कैसिनो में रानीखेत के व्यक्ति की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी नेपाल पुलिस

ख़बर शेयर करें -

डायमंड कैसिनो में तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; मौत के कारणों पर तरह-तरह की चर्चाएं

महेन्द्रनगर/बनबसा। चम्पावत जनपद के बनबसा सीमा से सटे नेपाल के सीमावर्ती नगर महेन्द्रनगर स्थित डायमंड कैसिनो में उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार रानीखेत निवासी दीपेंद्र सिंह (53) नियमित रूप से महेन्द्रनगर स्थित डायमंड कैसिनो में जुआ खेलने आते थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी वह कैसिनो पहुंचे थे। दिनभर कैसिनो में रहने के बाद रात करीब साढ़े दस बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद कैसिनो प्रशासन उन्हें तत्काल महाकाली अंचल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद सीमा क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग कैसिनो में परोसी जाने वाली शराब की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग कैसिनो के अंदर तेज ध्वनि, धूम्रपान और बंद वातावरण को संभावित कारण बता रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नेपाल पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता जांच और आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन रानीखेत से महेन्द्रनगर पहुंच गए हैं।

नोट: फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने तक किसी भी संभावित वजह को तथ्य के रूप में नहीं माना जा सकता।