पूर्व दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा ने हरिद्वार में मां दक्षिण काली के दरबार में टेका माथा, 2029 चुनावों में जीत का लिया आशीर्वाद
हरिद्वार। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा शुक्रवार को दिल्ली से हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी और परिजनों के साथ श्री दक्षिण काली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने उनका स्वागत मां की चुनरी ओढ़ाकर किया और विशेष पूजा संपन्न कराई।
पूजा-अर्चना के बाद जैकब जुमा ने हरिद्वार में आध्यात्मिक अनुभव को बेहद सकारात्मक बताते हुए कहा कि उन्हें मां दक्षिण काली का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने वर्ष 2029 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में सफलता की कामना की। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने भी उन्हें आगामी चुनावों में विजय का आशीर्वाद दिया।

स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि धर्म सत्ता के मार्गदर्शन से ही राजसत्ता को मानव कल्याण और विकास की दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि जैकब जुमा सनातन संस्कृति और संत परंपरा के प्रति सम्मान रखने वाले व्यक्ति हैं तथा दक्षिण अफ्रीका के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां दक्षिण काली की कृपा से जुमा आगामी चुनाव में सफलता प्राप्त कर देश की सेवा का अवसर फिर से हासिल करेंगे।
स्वामी कैलाशानंद गिरी ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका में इसी वर्ष स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं, जबकि वर्ष 2029 में राष्ट्रपति चुनाव प्रस्तावित हैं। जैकब जुमा दोनों चुनावों में सफलता की कामना लेकर हरिद्वार पहुंचे थे। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि यदि वे दोबारा राष्ट्रपति बनते हैं तो सबसे पहले हरिद्वार आकर मां भगवती काली के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।

गौरतलब है कि जैकब जुमा वर्ष 2009 से 2018 तक दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रहे। वर्ष 2018 में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कुछ समय तक उन्हें जेल भी जाना पड़ा। वर्तमान में 84 वर्षीय जुमा अपनी राजनीतिक पार्टी के साथ वर्ष 2029 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियों में सक्रिय हैं।

