मुख्यमंत्री के टनकपुर दौरे की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, विकास कार्यों का किया निरीक्षण
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 1 सितंबर को टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रस्तावित भ्रमण और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्थान का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने नवनिर्मित बालिका छात्रावास, संस्थान में नए सृजित संकायों और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) परिसर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान के विस्तारीकरण एवं विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। संस्थान में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं विकसित करने के साथ ही आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एचएल मंडोरिया और प्रबंधन टीम के साथ परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल, नए सृजित संकायों और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
4 हेक्टेयर भूमि आवंटित
जिलाधिकारी ने बताया कि संस्थान के विस्तारीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इसके लिए 4 हेक्टेयर भूमि क्षतिपूरक वनीकरण/कैंपा के अंतर्गत आवंटित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल (BRIDCUL) के माध्यम से केएमएल (KML) फाइल अपलोडिंग तथा ‘परिवेश’ पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकृतियों से संबंधित प्रक्रिया तेजी से संचालित की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से संबंधित सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।

