नैनीताल : भवाली के समीप कार खाई में गिरी, हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत हुई
उत्तराखंड के नैनीताल में भवाली के समीप हुए कार हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों के साथ ही पांच की मौत हो गई। पर्यटकों की कार 60 मीटर गहरी खाई में गिरी थी। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वाला परिवार मूल रूप से उधमसिंह नगर जनपद के खटीमा का रहने वाला था। वर्तमान में वे लखनऊ में रहते थे। घटना करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
बताया जा रहा है कि भवाली स्थित ढैला गांव के पास एक यूपी नंबर की कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। सभी पर्यटक लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे, लेकिन कैंची धाम क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कैंची धाम क्षेत्र में फूड वैन लगाने वाले एक व्यक्ति द्वारा कार को खाई में गिरते देखा। जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। वाहन गहरी खाई में गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और सभी लोग वाहन के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे। SDRF, पुलिस व स्थानीय लोगों ने साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

बताया जा रहा है सभी लोग बीते 19 मई को नैनीताल घूमने पहुंचे थे और आज 21 मई को कैंची धाम क्षेत्र से लगे भवाली गांव में अपने किसी परिचित के घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. हादसे में पिता, पुत्र, मां, बेटी और ड्राइवर की मौत हो गई।
मृतकों का विवरण :-
— भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष) निवासी खटीमा, उधमसिंहनगर।
— सीमा चुफाल (45), पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल।
— वासु चुफाल (19) पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल।
— रावी चुफाल (12) पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल।
— अनुज कुमार मिश्रा (वाहन चालक) पुत्र रमा सागर मिश्रा, 33 वर्ष, निवासी- लखनऊ, उत्तर प्रदेश.
नैनीताल सीओ रविकांत सेमवाल का कहना है कि, कार यूपी के लखनऊ की है। कार सवार लोगों की पहचान मूल रूप से उधम सिंह नगर के खटीमा के चुफाल लोगों के रूप में हुई है, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रहते हैं। हादसे में दो मृतक पति-पत्नी हैं जबकि 12 और 19 साल के उनके दो बच्चे भी शामिल हैं।

