छात्रा की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई, अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त
अल्मोड़ा। जिले के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊँ में छात्रा के साथ कथित मारपीट के मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। अतिथि शिक्षिका द्वारा छात्रा की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। उन्हें विद्यालय की सेवा से हटा दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊँ पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और संबंधित छात्रा के माता-पिता से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना। जिलाधिकारी ने स्कूल के अन्य छात्र-छात्राओं से भी बातचीत कर घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी हासिल की।
जांच समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई
प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा और उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की संयुक्त समिति गठित की गई थी। समिति ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी। रिपोर्ट में संबंधित अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका का अनुबंध समाप्त कर उन्हें विद्यालय की सेवा से हटा दिया गया।
बच्चों से मारपीट स्वीकार नहीं
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अनुशासन बनाए रखने के नाम पर विद्यार्थियों के साथ मारपीट या किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की समस्याओं को समझने के लिए काउंसलिंग, संवाद और सकारात्मक व्यवहार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि जरूरत पड़ने पर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
फुटबॉल मैदान की मांग पर निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं की भी जानकारी ली। छात्रों ने फुटबॉल खेलने के लिए उचित मैदान उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में खेल सुविधाओं के विकास और फुटबॉल मैदान की व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्कूल की सुविधाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने शौचालयों की व्यवस्था बेहतर करने और विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। स्कूल तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति में सुधार के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्यालय में नियमित और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षित पेयजल भंडारण के लिए टैंक लगाने और पानी की व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
महिला आयोग ने भी जताई थी नाराजगी
मामले को लेकर महिला आयोग की सदस्य धना धौनी ने भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने जिलाधिकारी के साथ ही महिला आयोग की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता समेत शिक्षा विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

