चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में महिलाओं को मिली स्वरोजगार की नई राह, AGEY योजना के तहत सौंपे वाहन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सशक्त महिला, समृद्ध उत्तराखंड’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में चम्पावत जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ‘आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना’ (AGEY) के तहत वित्त पोषित वाहन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सौंपे गए। इसके साथ ही महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बिना ब्याज ऋण सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

Ad Ad

दो महिलाओं को मिले वाहन

योजना के तहत माया महर, ओम क्लस्टर टनकपुर और कविता मेहता, रेगडू क्लस्टर बाराकोट को वाहन उपलब्ध कराए गए। इन वाहनों के माध्यम से महिलाएं परिवहन सुविधा के साथ अपने स्वरोजगार को भी आगे बढ़ा सकेंगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि AGEY के तहत मिले वाहनों से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अपने स्थानीय और जैविक उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था और ब्याज रहित ऋण से महिला समूहों की आय बढ़ाने के साथ उनके व्यावसायिक आत्मविश्वास को भी मजबूती मिलेगी।

महिलाओं को उद्यमी बनाने पर जोर

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ऐसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने कहा कि इस प्रकार की योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी ने बताया कि NRLM के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए AGEY योजना के माध्यम से उन्हें टैक्सी ड्राइविंग और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।