लोहाघाट कॉलेज में छात्रों का हाईवोल्टेज प्रदर्शन, सात छात्र छत पर चढ़े
चम्पावत/लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी और छात्रसंघ का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज सात छात्र सुबह करीब 10 बजे कॉलेज की छत पर चढ़ गए। छात्रों ने मांगें पूरी होने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया। करीब आठ घंटे बाद शाम 6:23 बजे छात्रों को छत से उतारा जा सका।
छात्रों के छत पर चढ़ने की सूचना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे।

एबीवीपी के प्रदेश छात्रसंघ प्रमुख विवेक पुजारी और जिला संयोजक नीरज सगटा के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार से क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया। इससे पहले छात्रों ने मांगों को लेकर एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया।
छात्र कॉलेज में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान की कक्षाएं शुरू करने, डबल एमए की सुविधा देने, वर्ष 2021 से 2025 तक की सभी मार्कशीट उपलब्ध कराने, स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति करने तथा माडर्न फिजिक्स में अनुत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को बांड के आधार पर प्रवेश देने की मांग कर रहे हैं।
सुबह करीब 10 बजे छात्रसंघ अध्यक्ष शिखर वर्मा के साथ राहुल बिष्ट, करन देउपा, प्रियांशु ढेक, आयुष करायत, अमित त्रिवेदी और अंकित बिष्ट कॉलेज की छत पर चढ़ गए। सूचना मिलने पर तहसीलदार मुहीउद्दीन के नेतृत्व में पुलिस बल कॉलेज पहुंचा। प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपा सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी छात्रों को लगातार समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा से छात्रों की वार्ता कराई। केंद्रीय मंत्री की ओर से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने छत से उतरने पर सहमति जताई।
एबीवीपी नेता विवेक पुजारी ने कहा कि छात्रों ने भले ही छत से उतरने का निर्णय लिया है, लेकिन मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

