नवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी : गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई 24 वर्षीय महिला की मौत, मालिश के बाद गर्दन झटकने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

घटना से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने कथित झोलाछाप की दुकान का किया निरीक्षण; बंद मिली दुकान, जांच के निर्देश

हल्द्वानी। गर्दन के दर्द से राहत पाने के लिए इलाज कराने पहुंची 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड पर गुरुद्वारे के समीप एक व्यक्ति पर मालिश करने के बाद महिला की गर्दन जोर से हिलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने संबंधित दुकान का निरीक्षण किया, लेकिन वह बंद मिली। फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले कुछ समय से दर्द था। परिजनों के मुताबिक, करीब चार-पांच महीने से सुशीला तिवारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
रामचंद्र के अनुसार, शनिवार को लोगों की सलाह पर वह पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां मालिश करने के बाद व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। परिजन उन्हें बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत अवस्था में लाए जाने की जानकारी दी।

मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से संबंधित जानकारी जुटा रही है। महिला की मौत के कारणों की पुष्टि जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने बंद दुकान का किया निरीक्षण

मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट ने कालाढूंगी रोड पर गुरुद्वारे के समीप स्थित नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को कथित झोलाछाप बताया गया है। निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली।

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बेस चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंची और मृतका के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। अस्पताल से मिली चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक जानकारी एकत्र करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अवैध क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। विभाग के मुताबिक, ऐसे मामलों में नियमानुसार जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत चिकित्सकों और अधिकृत स्वास्थ्य संस्थानों का ही सहारा लें।

फिलहाल महिला की मौत के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।