टनकपुरनवीनतम

टनकपुर में पालिका कर्मियों ने एसओ के खिलाफ खोला मोर्चा, अभद्रता व मारपीट करने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। नगरपालिका के कर्मचारियों ने एसओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एसओ पर पार्किंग शुल्क की वसूली में लगे कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने व उन्हें थाने में लेजाकर उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार करते हुए एसओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही उनके खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग उठाई है।
पालिका कर्मियों ने बताया है कि शुक्रवार की सुबह वाहन पार्किंग की रसीदें काट रहे थे। इसी बीच वहां से पुलिस कर्मी सुरेश कन्याल वहां से गुजरे। आरोप है कि उन्होंने पालिका कर्मियों के साथ गाली गलौज की। उसी दौरान वहां से एसओ जसवीर चौहान गुजरे। आरोप है कि वे बेवजह पालिका कर्मियों को उठा कर थाने ले गए। वहां पर फर्जी वसूली करने का आरोप लगाते हुए बुजुर्ग कर्मचारी हरी दत्त पंत के साथ मारपीट व अभद्रता की। साथी कर्मचारियों के साथ मारपीट व अभद्रता होने की सूचना पर पालिका के सभी कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने कार्यबहिष्कार करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। पालिका कर्मियों ने एसओ व पुलिस कर्मी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है। पालिका कर्मियों की ओर से अधिशासी अधिकारी व अध्यक्ष को पत्र भेज कर कहा गया है कि जब तक एसओ व पुलिस कर्मी द्वारा पालिका कर्मियों से माफी नहीं मांगी जाती, तब तक वे कार्यबहिष्कार करेंगे। कर्मचारियों ने एसओ व पुलिस कर्मी के निलंबन की मांग भी उठाई है। प्रदर्शन करने वालों में श्याम सिंह बाल्मीकि, रामरतन बाल्मीकि, उर्मिला देवी, बसन्तराज चंद, प्रकाश नेगी, राकेश बाल्मिकी, हसीब अहमद, कमलेश बाल्मीकि आदि शामिल रहे। उधर, एसओ जसवीर चौहान का कहना है कि अवैध वसूली की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। जहां कुछ लोग पार्किंग शुल्क वसूलते हुए पाए गए। वही पार्किंग शुल्क बुक पर कोई हस्ताक्षर नहीं थे। वसूल रहे कर्मचारियों की विभागीय आईडी भी नहीं थी। जिसके बाद हम उन्हें पकड़ कर पुलिस थाने लाए। जिसके बाद नगर पालिका टनकपुर प्रभारी ईओ तहसीलदार खुशबू पांडे द्वारा नगर पालिका कर्मचारी बताने पर उन्हें छोड़ दिया गया।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड